
हरदोई। जिले में एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास लापरवाही जानलेवा साबित हुई है। बकरी चराने गई एक महिला अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, महिला रोज की तरह रेलवे ट्रैक के पास खेत-खलिहानों में बकरियां चराने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक पटरी पार करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में वह आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास सावधानी बरतें और पटरियों को अनाधिकृत रूप से पार करने से बचें।
लखनऊ मंडल ब्यूरो चीफ – अनुराग सिंह









