
लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित ‘राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह-2026’ के अवसर पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना तथा झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। इस दौरान हथकरघा उत्पादों के प्रमुख क्रेताओं के साथ एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ, जिससे बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हस्तशिल्पियों का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश की समृद्ध हथकरघा परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ बुनकरों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने बुनकरों से पारंपरिक कला को आधुनिक मांग के अनुरूप ढालने और ‘मेड इन यूपी’ के ब्रांड को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान किया।










