
हरदोई
विकासखंड भरखनी क्षेत्र के ग्राम चंद्रमपुर में सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर 112 नंबर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए शाहाबाद सीएचसी में भर्ती कराया।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
पहली बाइक पर सवार गौरव पुत्र जोगिंदर उर्फ रामगुलाम और दीपक पुत्र राजेश उर्फ पप्पू निवासी पिपरिया घायल हुए हैं।
दूसरी बाइक पर नजीर और साजिद निवासी जलालाबाद सवार थे जो इस हादसे में घायल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।
टक्कर इतनी तेज थी कि गौरव और दीपक के सिर में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया। दोनों मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही 112 नंबर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को शाहाबाद सीएचसी भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।









