
कन्नौज कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री दर्पण पोर्टल यानी CM डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति और विभागों की रैंकिंग पर मंथन किया गया।
समीक्षा के दौरान DM ने जननी सुरक्षा योजना, जल जीवन मिशन, फैमली आईडी, 15वें वित्त आयोग और बाल विकास पुष्टाहार विभाग की रैंकिंग को असंतोषजनक पाया। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और ठोस रणनीति के साथ तत्काल सुधार के निर्देश दिए। DM ने साफ कहा कि सरकार की हर योजना का लाभ पात्र लाभार्थी तक समय पर पहुंचना चाहिए, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में अधिशासी अभियंता आरईडी और जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर DM ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं, वरना कार्रवाई होगी।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, पीडी डीआरडीए राम औतार सिंह, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









