
सीतापुर गुरुपूर्णिमा के अवसर पर सिधौली तहसील के अटरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवरपुर प्रज्ञा पीठ गायत्री परिवार में आस्था और उल्लास का माहौल रहा। युगऋषि परमपूज्य पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की प्रेरणा से यहां भव्य धार्मिक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देश की सुख-शांति और विश्व कल्याण की कामना के साथ सामूहिक मंत्रोच्चार से हुई। इसके बाद गायत्री परिवार ट्रस्ट कमलापुर के मुख्य प्रबंधक श्री ललित दीक्षित के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से गुरु पूजन कर गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए। सभी ने गायत्री महायज्ञ में आहुति देकर परिवार, समाज और राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कई वैदिक संस्कार भी संपन्न कराए गए।

सम्बोधन में श्री ललित दीक्षित ने कहा कि भारत की पहचान ही गुरु-शिष्य परंपरा से है। गुरु ही व्यक्ति को सही दिशा देकर महान बनाते हैं। स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष भी गुरु की प्रेरणा से ही आगे बढ़े। उन्होंने लोगों से गुरु के बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
अखिल विश्व गायत्री परिवार के निर्देश पर इस दिन पर्यावरण बचाने का संकल्प भी लिया गया। सभी श्रद्धालुओं ने अधिक पेड़ लगाने और प्रकृति संरक्षण का प्रण किया।
इस मौके पर विद्यासागर शुक्ला, मुन्ना सिंह, प्रभात त्रिपाठी, शिवकुमार बाजपेयी, प्रेम अवस्थी, गीता देवी, शांति देवी, ईश्वर दीन यादव, बीट प्रभारी परशुराम यादव, प्रेम शंकर दीक्षित सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर रहा।









