
*सवायजपुर, हरदोई*: पाली थाना क्षेत्र में एक महिला अपने ढाई वर्षीय बेटे को लेकर फरार हो गई। पति ने अज्ञात युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पाली पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पति भरखनी निवासी ने बताया कि उसकी 22 वर्षीय पत्नी 1 जून की सुबह करीब 8 बजे दवा लेने के लिए पाली जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसके साथ ढाई साल का बेटा भी था। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
पति के मुताबिक, बाद में पत्नी ने खुद फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से फोन किया। उसने कहा कि “वह अब जा रही है, उसे फोन न किया जाए” और इसके बाद मोबाइल ऑफ कर लिया। परिजनों ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी युवक के साथ चली गई है और मासूम बेटे को भी साथ ले गई है। पाली पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक सोमपाल गंगवार ने बताया कि महिला के मोबाइल की लोकेशन व अन्य माध्यमों से उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
*रिपोर्ट: चन्दन सिंह कुशवाहा*








