
*पचदेवरा, संवाददाता*: थाना साइबर सेल की जांच में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पचदेवरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साइबर सेल थाना पचदेवरा को प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच सौंपी गई थी। जांच के दौरान मोबाइल नंबर की सीएएफ प्राप्त की गई। नंबर थाना पचदेवरा क्षेत्र के अनंगपुर गांव निवासी गौतम सिंह पुत्र उमेश सिंह के नाम पंजीकृत पाया गया।
जांच अधिकारी द्वारा गांव पहुंचकर पूछताछ की गई, लेकिन मोबाइल नंबर के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद एनसीआरपी पर जांच करने पर पता चला कि उक्त मोबाइल नंबर के विरुद्ध साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है।
*पांच हजार की धोखाधड़ी की गई*: शिकायतकर्ता अलीगढ़ जनपद के थाना छर्रा क्षेत्र निवासी शाहरुख खान ने पुलिस को बताया कि संबंधित नंबर के माध्यम से उनसे 5001 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर पचदेवरा पुलिस ने आरोपी गौतम सिंह पर उपनिरीक्षक अनुराग त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है।








