
कन्नौज कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 (रबी फसल) के अंतर्गत मक्का क्रय व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मक्का क्रय केंद्र निर्धारित समय प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित किए जाएं तथा खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार से बिचौलियों की संलिप्तता न होने पाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर किसानों के बैठने, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्रों पर ऐसे बैनर लगाए जाएं जिन पर टोल फ्री नंबर और संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हों। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसान अथवा उनके नामित प्रतिनिधि का ई-पॉप के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन करने के बाद ही खरीद की प्रक्रिया पूरी की जाए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मक्का खरीद 15 जून 2026 से प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव है। मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जबकि उतराई एवं छनाई मद में अतिरिक्त 20 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा।
जनपद में मक्का खरीद के लिए खाद्य विभाग द्वारा कुल 9 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें तहसील कन्नौज में 1, तहसील तिर्वा में 3 तथा तहसील छिबरामऊ में 5 केंद्र संचालित होंगे। जिलाधिकारी ने विकास खंड तालग्राम में एक अतिरिक्त मक्का क्रय केंद्र स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे खाद्य विभाग की वेबसाइट पर स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र और साइबर कैफे के माध्यम से अपना पंजीकरण कराएं। मक्का विक्रय करने वाले किसानों का भुगतान आधार से लिंक बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा।
मक्का विक्रय से संबंधित किसी भी समस्या के लिए किसान टोल फ्री नंबर 18001800150 अथवा जिला खाद्य विपणन अधिकारी कन्नौज के मोबाइल नंबर 9956199399 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव, सचिव कृषि उत्पादन मंडी परिषद कन्नौज, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी कन्नौज एवं छिबरामऊ सहित सभी मक्का क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।









