
शाहजहांपुर जनपद के ददरौल विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अवधेश कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कांठ सर्वेश कुमार, राजेश कुमार वर्मा, शम्फुद्दीन, त्रिवेणी गौतम, हरिपाल गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और योगदान को स्मरण किया।
वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश को समानता, न्याय और बंधुत्व की दिशा दी। उन्होंने दलित, वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
इस दौरान लोगों ने उनके प्रसिद्ध संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही सामाजिक समरसता और एकता बनाए रखने पर जोर दिया गया।









