
हरदोई हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के जनकपुरवा गांव में रविवार सुबह पारिवारिक रंजिश के चलते मां-बेटी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जनकपुरवा निवासी नीलम पत्नी रामसरन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार सुबह अपनी बेटी प्रीती के साथ घर के दरवाजे पर मौजूद थीं। इसी दौरान परिवार के ही सरोज, रामसागर और माधुरी वहां पहुंचे और भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे।
नीलम ने बताया कि जब उन्होंने और उनकी बेटी ने गाली देने से मना किया तो तीनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मां-बेटी दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
सूचना मिलते ही हरपालपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि नीलम की तहरीर के आधार पर आरोपी सरोज, रामसागर और माधुरी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएचसी हरपालपुर के चिकित्सकों ने बताया कि मां-बेटी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है लेकिन खतरे से बाहर नहीं कही जा सकती।









