
हरदोई स्वामी विवेकानंद सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण तथा इनसे होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक हुई।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात बाधित करने वाले सभी अवैध अतिक्रमणों और अनधिकृत पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर तत्काल हटाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन, अवैध पार्किंग तथा शहर के अंदर अतिक्रमण दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस, परिवहन विभाग, एनएचएआई और स्थानीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर नियमित निरीक्षण करने को कहा।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए। अवैध पार्किंग करने वाले वाहन स्वामियों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई होगी।
डीएम अनुनय झा ने आमजन व वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें और सड़क व राजमार्गों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करें। सभी के सहयोग से ही सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था संभव है।
इस मौके पर एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, एएसपी सुबोध गौतम, एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









