
लखनऊ गोमतीनगर विस्तार इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में मां की साड़ी से बने झूले पर झूलते समय 14 वर्षीय छात्र की गर्दन में फंदा कस गया। इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान अर्जुन गुप्ता (14) के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। अर्जुन का परिवार मूल रूप से बलिया जिले के पांडेयपुर का रहने वाला है। उसके पिता संतोष कुमार गुप्ता सेना से रिटायर्ड हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के खंडवा में सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र में तैनात हैं।
रविवार शाम अर्जुन घर के आंगन में साड़ी से बने झूले पर झूल रहा था। इसी दौरान अचानक साड़ी उसकी गर्दन में लिपट गई। कुछ देर बाद जब मां शोभा आंगन में आईं तो बेटे को देखकर चीख पड़ीं। बड़े भाई अमन ने तुरंत साड़ी काटकर अर्जुन को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी।
परिजन आनन-फानन में अर्जुन को पास के चंदन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और सोमवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के समय घर पर मां शोभा और बड़ा भाई अमन मौजूद थे। हादसे के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सूचना दे दी गई है।








