
हरदोई साइबर ठगी का खुलासा अनंगपुर के युवक पर 5001 रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज
हरदोई पचदेवरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने साइबर सेल की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल थाना पचदेवरा को प्रतिबिंब पोर्टल पर एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच का जिम्मा दिया गया था। जांच के दौरान नंबर की CAF निकाली गई। जांच में सामने आया कि यह मोबाइल नंबर थाना पचदेवरा के अनंगपुर गांव निवासी गौतम सिंह पुत्र उमेश सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है।
जांच अधिकारी ने अनंगपुर गांव पहुंचकर जानकारी जुटाई, लेकिन मोबाइल नंबर को लेकर कोई पुख्ता जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद NCRP पोर्टल पर जांच की गई तो पता चला कि उक्त नंबर के खिलाफ पहले से साइबर ठगी की शिकायत दर्ज है।
शिकायतकर्ता शाहरुख खान निवासी थाना छर्रा, जिला अलीगढ़ ने पुलिस को बताया कि इस मोबाइल नंबर के जरिए उनसे 5001 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी।
साइबर सेल की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पचदेवरा पुलिस ने आरोपी गौतम सिंह के विरुद्ध उपनिरीक्षक अनुराग त्रिपाठी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर अन्य तथ्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने इस नंबर से और कितनी ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है।








