
*सांडी, हरदोई*: कस्बे से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सांडी निवासी महिला ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी 1 जून की शाम करीब 6 बजे दवा लेने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
*आरोपी पर केस दर्ज*: महिला का आरोप है कि बाद में उन्हें पता चला कि कस्बा निवासी फुरकान पुत्र मेहंदी हसन उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पीड़िता की मां ने सांडी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी फुरकान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी बसंत राम ने बताया, “महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।”








