
हरदोई।
जनपद हरदोई में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मधु अवस्थी (23), उनके छोटे भाई आदर्श अवस्थी (20) और उनकी मौसी कामिनी पांडेय (40) शामिल हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, आदर्श अवस्थी अपनी बहन मधु को सीटेट परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से हरदोई जा रहे थे। उनके साथ मौसी कामिनी पांडेय भी मौजूद थीं। जब उनकी बाइक ढोलिया चौराहा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे डंपर (संख्या UP 30 CT 6385) ने उनकी बाइक (UP 30 CA 5328) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक आदर्श के पिता अरविंद अवस्थी ने बताया कि उनका परिवार खेती-बाड़ी से जुड़ा है। आदर्श दिल्ली में एक फैक्ट्री में कार्यरत था, जबकि मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। परीक्षा के सिलसिले में आदर्श शुक्रवार को घर आया था। वहीं, कामिनी पांडेय भी इसी कारण फतियापुर आई हुई थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सुरसा प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि डंपर की टक्कर से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









