
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ECDM टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड में सोमवार 14 अप्रैल 2026 की सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब मजदूरों की हड़ताल के बाद मामला बिगड़ गया। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज में 4 से 5 मजदूरों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नाइट शिफ्ट के दौरान लगभग 4 बजे टी ब्रेक के बाद मजदूरों ने अचानक काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। सूचना पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे और काम पर लौटने से इनकार कर दिया।
स्थिति को देखते हुए प्रबंधन ने पुलिस बल को बुलाया। पुलिस ने मजदूरों से बातचीत कर उन्हें शांत करने की कोशिश की। बाद में लगभग 6 बजे नाइट शिफ्ट कर्मियों की पंचिंग कराकर उन्हें परिसर से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
बताया गया कि मजदूरों ने मांग रखी थी कि जब तक डे शिफ्ट के कर्मचारी नहीं आते, वे परिसर नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान प्रबंधन ने डे शिफ्ट को पहले ही अवकाश का संदेश जारी कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर लगभग 7:30 बजे पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मजदूरों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई मजदूरों को चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने मजदूरों को खदेड़ते हुए काफी दूरी तक दौड़ाया। हड़ताल में लगभग 400 से 500 मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं।
मजदूरों ने न्यूनतम वेतन लागू करने, ओवरटाइम का डबल भुगतान, साप्ताहिक अवकाश, कैंटीन सुविधा सुधारने सहित कई मांगें रखी हैं।
फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है। घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन, प्रशासन या श्रम विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।









