
रिपोर्ट डॉ परवेज खान
हरदोई लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बे में बस स्टॉप के पीछे झाड़ियों में बुधवार को करीब 20 वर्षीय मानसिक मंदित युवती लहूलुहान हालत में मिली। युवती के चेहरे और हाथों पर गंभीर चोट के निशान थे और कपड़े फटे हुए थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है और इलाज शुरू कर दिया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पंकज मिश्रा ने युवती को गंभीर चोटें आने की पुष्टि की है।
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के प्रयास की आशंका जताई जा रही है। एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में ‘सेक्सुअल असॉल्ट’ की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शरीर पर संघर्ष और भीषण मारपीट के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण पीड़िता अपनी पहचान नहीं बता पा रही है।
घटना के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद महिला सुरक्षा को लेकर लोगों में नाराजगी है।







