रिपोर्ट: अमृतपुर तहसील संवाददाता कुलदीप
फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुड़िया भेड़ा में सरकारी नाले पर बनी पुलिया गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर हादसों को न्योता दे रही है। सितंबर 2025 में आई भीषण बाढ़ के बाद पुलिया की हालत खराब हो गई थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।

तेज बहाव के कारण पुलिया के दोनों किनारों की दीवारें पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे वहां गहरे और खतरनाक गड्ढे बन गए हैं। स्थिति को और भयावह बनाता है पुलिया के नीचे भरा गहरा पानी, जो किसी भी अनजान व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। खास बात यह है कि सड़क पर बने ये गड्ढे दूर से नजर नहीं आते, जिससे पहली बार गुजरने वाले राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

ग्रामीणों के अनुसार, अब तक कई वाहन चालक यहां हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं, जबकि रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से चार पहिया वाहनों का आवागमन लगभग बंद हो चुका है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों और आपातकालीन सेवाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, जबकि यह पुलिया गांव के लिए मुख्य मार्ग है और इसकी अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है।









