
रिपोर्ट अविनाश सिंह, जिला संवाददाता, कन्नौज
कन्नौज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव/न्यायाधीश अनुजा सिंह ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह – विशेष लोक अदालत 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित वादों का आपसी सहमति और संवाद के जरिए सरल, सुलभ व सौहार्दपूर्ण तरीके से निस्तारण करना है।
यह महाअभियान 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है। इसकी परिणति 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सर्वोच्च न्यायालय में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के रूप में होगी। इसमें सुप्रीम कोर्ट में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा।
पक्षकारों के बीच सुलह के लिए राज्य, जिला, तालुका और उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों के मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व सुलह बैठकें होंगी। प्रशिक्षित मध्यस्थ और विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी पक्षकारों को पूरा सहयोग देंगे। वादकारी इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से या वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते हैं।
सचिव अनुजा सिंह ने बताया कि जिन वादकारियों के मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे समाधान समारोह में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध गूगल फॉर्म भर सकते हैं। पहले इसकी अंतिम तिथि कम थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
Google Form Link: https://forms.gle/jqxefqF4BCWzukoP6
यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sci.gov.in/ पर भी उपलब्ध है।
न्यायाधीश अनुजा सिंह ने अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम जनता से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण समाधान की इस अभिनव पहल को सफल बनाने में सभी सहयोग करें।









