
कन्नौज प्रदेश सरकार की डिजिटल सशक्तिकरण एवं तकनीकी नवाचार की नीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से बाल विकास परियोजना जलालाबाद के अंतर्गत विकास खंड जलालाबाद सभागार में स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अवनीश दोहरे ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रतिराम तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी शेषमणि यादव की उपस्थिति में परियोजना क्षेत्र की 140 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्मार्ट फोन उपलब्ध कराए जाने से विभागीय कार्यों में तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता एवं कार्य की गति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके माध्यम से पोषण ट्रैकर एप पर लाभार्थियों का पंजीकरण, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग, एफआरएस प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण तथा विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का संचालन अधिक सरल एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

स्मार्ट फोन प्राप्त करने के बाद सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उत्साहित एवं प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने शासन की इस पहल को महिला एवं बाल विकास सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यकत्रियों ने स्मार्ट फोन प्राप्त कर सामूहिक फोटो खिंचवाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में मुख्य सेविका रश्मि शर्मा, पूजा अग्निहोत्री, अमीषा चौरसिया एवं गरिमा दिवाकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह पहल डिजिटल इंडिया के सपनों को साकार करने के साथ-साथ आंगनबाड़ी सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनकेंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।









