
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई सुरसा थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। भंडारे से प्रसाद लेकर घर लौट रही 6 साल की मासूम को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से रौंद दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई
मृतका की पहचान अर्चना राठौर पुत्री रामनरेश, निवासी ग्राम सिंघुआ मऊ, सुरसा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, अर्चना गांव के पास लगे भंडारे से प्रसाद लेकर पैदल घर आ रही थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। जाम से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पर सुरसा थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और कार्रवाई का भरोसा देकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सुरसा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी और नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई होगी।








