
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के सुभौआपुर गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कपड़े धोने की बात को लेकर देवरानी और जेठानी के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। जेठानी ने पति समेत तीन लोगों पर लाठी-डंडों से पीटकर घायल करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता सुरुचि पत्नी अनिल सिंह निवासी सुभौआपुर ने 2 जून, मंगलवार को हरपालपुर कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक, देवरानी से कपड़े धोने को लेकर उनकी कहासुनी हो रही थी। इसी बीच पति अनिल सिंह और परिवार की दो अन्य महिलाएं लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गईं और गाली-गलौज करने लगीं।
सुरुचि का आरोप है कि विरोध करने पर तीनों ने मिलकर लात-घूसों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना पर हरपालपुर पुलिस हरकत में आई। प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस घायल महिला का मेडिकल कराने के साथ ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की तैयारी में है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।








