
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून को लेकर नया अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है, इस बार 3-4 दिन की देरी दिख रही है।
IMD ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल-नीनो की स्थिति मजबूत होने की संभावना है, जिससे इस बार मानसून में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। विभाग ने इस साल 92% बारिश का अनुमान लगाया है, जो सामान्य से कम है।
पहले 26 मई का अनुमान था IMD ने अपनी शुरुआती भविष्यवाणी में 26 मई को केरल में मानसून आने की बात कही थी। हालांकि मौसमी बदलावों के कारण इसमें देरी हुई और अब 4 जून के आसपास पहुंचने की उम्मीद है।
17 राज्यों में अलर्ट मानसून आने से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते देश के बड़े हिस्से में प्री-मानसून बारिश ने जोर पकड़ लिया है।
4 जून के आसपास मानसून दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ेगा। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में भी मानसून के पहुंचने की संभावना है।
IMD का कहना है कि केरल में मानसून के जल्दी या देर से आने का मतलब यह नहीं है कि देश के अन्य हिस्सों में भी उसी तरह पहुंचेगा। यह बड़े पैमाने पर वैश्विक और स्थानीय कारकों पर निर्भर करता है।








