
लखनऊ के आशियाना थाने में तैनात एक दरोगा पर विवेचना के दौरान युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दरोगा को निलंबित कर दिया है।
आशियाना निवासी एक युवती ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी कि एक युवक ने शादी का वादा कर कई सालों तक उसके साथ संबंध बनाए और बाद में छोड़ दिया। इस शिकायत की जांच का जिम्मा दरोगा धर्मवीर शाही को दिया गया था।
पीड़िता के अनुसार अगले दिन दरोगा ने उसे थाने बुलाया। वहां दरोगा ने कहा कि मामला काफी पुराना हो चुका है, इसलिए मेडिकल में कोई सबूत नहीं मिलेगा और आरोपी बच जाएगा। इसके बाद दरोगा ने मदद का झांसा देकर कहा कि अगर युवती उससे शारीरिक संबंध बनाए तो वह मेडिकल रिपोर्ट उसके पक्ष में बनवा देगा और आरोपी को आसानी से जेल भेजा जाएगा।
आरोप है कि दरोगा के बहकावे में आकर युवती होटल गई और वहां उसके साथ संबंध बने।
जब यह बात सामने आई तो विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़िता की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने दरोगा धर्मवीर शाही के खिलाफ बीएनएस की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच के बाद दरोगा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।









