
कन्नौज असेह गांव में उमड़ा जनसैलाब, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार; देश सेवा को बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
तालग्राम (कन्नौज)। ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से दिवंगत हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) मुकेश बाबू का रविवार को उनके पैतृक गांव असेह में पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर जैसे ही गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और पूरा गांव “भारत माता की जय” तथा “अमर रहे” के नारों से गूंज उठा।
रविवार सुबह सीआरपीएफ के वाहन से जवान का पार्थिव शरीर गांव लाया गया। घर पहुंचते ही पत्नी मंजू देवी, पुत्र भानु प्रताप सिंह तथा पुत्रियां शीतल और छाया का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के करुण विलाप को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़
दिवंगत जवान के अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन के सदस्य तथा आसपास के हजारों ग्रामीण पहुंचे। सभी ने पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि मुकेश बाबू ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देश सेवा की। उनका अनुशासित जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति युवाओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर जवान समाज और देश की अमूल्य धरोहर होते हैं।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दिवंगत एएसआई को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सैन्य सम्मान के बीच राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर अपने वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रिपोर्ट –रोहित नंदन ब्यूरो चीफ (कन्नौज)









