
कन्नौज उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कन्नौज के सभी 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 4 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित मेले का नोडल अधिकारियों एवं नामित निरीक्षण अधिकारियों ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और लाभार्थियों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
स्वास्थ्य मेले में मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं का वितरण किया गया। इसके अलावा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं, हेपेटाइटिस-बी एवं सी की जांच, टीबी के संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र परीक्षण तथा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने जैसी विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेले में कुल 1,518 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 706 पुरुष, 593 महिलाएं और 219 बच्चे शामिल रहे। वहीं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 29 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर वितरित किए गए।
मेले के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित उपस्थिति रही। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन को बेहतर, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।









