
देहात कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। 27 वर्षीय पीड़िता ने तहरीर में बताया कि शाहाबाद के बुद्ध बाजार निवासी हर्षित त्रिपाठी लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि आरोपी आए दिन युवती का पीछा करता है, रास्ते में रोककर छेड़खानी करता है और अश्लील इशारे करता है। पीड़िता के अनुसार आरोपी हर्षित उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने धमकी दी कि ‘शादी तो मैं तुमसे ही करूंगा। अगर मुझसे शादी नहीं की, तो किसी और से भी नहीं होने दूंगा। तुम्हें तुम्हारे घर से उठवा लूंगा और तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी।’ यह धमकी मिलने के बाद पीड़िता और उसका परिवार खौफ में है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उपरोक्त सभी आरोप पीड़िता की तहरीर पर आधारित हैं। पुलिस द्वारा FIR दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सह संपादक चन्दन सिंह*
*जनता का भरोसा न्यूज चैनल, हरदोई*








