
रिपोर्ट : सत्यम द्विवेदी, जिला संवाददाता, हरदोई
हरदोई। हरियावाँ थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी मां के तेरहवीं संस्कार के उपरांत बचा हुआ भोजन गांव के समीप स्थित तालाब में फेंकने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही एक युवक, नरेंद्र, वहां पहुंच गया और युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
युवती द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी का प्रयास विफल हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हरियावाँ थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी वर्तमान में घायल अवस्था में उपचाराधीन है। चिकित्सकीय स्थिति सामान्य होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं।








