
कन्नौज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” संकल्प अभियान के तहत रविवार को जनपद कन्नौज के 18 विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। अभियान के माध्यम से हजारों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

जनपद का मुख्य कार्यक्रम एस.एम.सी.एम. पब्लिक इंटर कॉलेज, टडारायपुर में आयोजित हुआ, जिसमें जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य मनोज कुमार के सहयोग से संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
अपने वर्चुअल संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी 100 सप्ताह तक खेल, फिटनेस, योग, जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लगातार संचालित किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि यह अभियान युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी संस्थानों में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ तथा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ और नशामुक्त भारत का संदेश दिया गया।
यह अभियान जी.डी.सी. डिग्री कॉलेज बंगर, समाज कल्याण छात्रावास नसरापुर, न्यूक्लियस एकेडमी, पी.एस.एम. कॉलेज एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग कन्नौज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज कछाटीपुर, माया देवी इंटर कॉलेज, जागृति पब्लिक स्कूल तालग्राम, एस.एम.सी.एम. पब्लिक इंटर कॉलेज टडारायपुर, आईटीआई कॉलेज तालग्राम, महर्षि निशंक इंटर कॉलेज, मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग छिबरामऊ, नेहरू पीजी कॉलेज, चौधरी अवनीश कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज, आदर्श बाल विकास इंटर कॉलेज सौरिख, राजकीय बालिका पॉलिटेक्निक जसौदा, वी.डी. तिवारी इंटर कॉलेज जलालाबाद, भारतीय इंटर कॉलेज नितानंदपुर तथा अविका कॉलेज गुगरापुर सहित कुल 18 शिक्षण संस्थानों में एक साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम के सफल संचालन में MY Bharat के स्वयंसेवकों ने तकनीकी व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों की उपस्थिति, नशामुक्ति शपथ, वंदे मातरम् एवं स्वच्छता गतिविधियों का समन्वय किया। सभी स्वयंसेवकों के सहयोग से जनपद के सभी 18 केंद्रों पर कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 100 सप्ताह तक जनपद में MY Bharat के नेतृत्व में नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान, ई-प्लेज, खेल एवं फिटनेस गतिविधियां, संवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगितियों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।








