
कन्नौज मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत कन्नौज में बुधवार को महिला सशक्तिकरण का बड़ा अभियान चला। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थानों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने ग्राम, कस्बा, मोहल्ला, प्रमुख बाजार, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भ्रमण किया। इस दौरान जगह-जगह चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम लगाए गए।
बालिकाओं-महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा उपाय और आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल/लिंक से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के टिप्स साझा किए गए।
शासन द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। आपात स्थिति में 1090, 112, 181, 1076 जैसी हेल्पलाइन का निःसंकोच उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना और शासन की योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत आगे भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि जनपद की हर महिला-बेटी तक सुरक्षा का संदेश पहुंचे।









