
कन्नौज उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर रविवार को कन्नौज जिले के सभी 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को उनके घर के पास ही मुफ्त जांच व इलाज की सुविधा मिली।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता के निर्देशन में नोडल अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मरीजों से बात कर व्यवस्थाएं देखीं और स्टाफ को बेहतर सेवा देने के निर्देश दिए।
मरीजों को निःशुल्क दवा व जांच के साथ बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। हेपेटाइटिस बी-सी की जांच, टीबी के लक्षण वाले मरीजों की स्क्रीनिंग और आंखों की जांच भी हुई। आयुष्मान भारत योजना के तहत मौके पर ही 39 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए।

स्वास्थ्य मेले का लाभ कुल 1685 लोगों ने उठाया। इनमें 789 पुरुष, 678 महिलाएं और 218 बच्चे शामिल रहे। हर केंद्र पर डॉक्टरों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ की टीम तैनात रही, जिससे मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मेले से गरीब और दूरदराज के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंच रही हैं। एक ही छत के नीचे कई बीमारियों की जांच और इलाज मिलने से लोगों को जिला अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़े।









