
कन्नौज जिला संवाददाता अविनाश सिंह की रिपोर्ट
कन्नौज मेरा युवा भारत कन्नौज एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELP) का समापन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिवस प्रतिभागी युवाओं हेतु समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी विभिन्न व्यवहारिक गतिविधियों में सहभागिता हेतु सम्मानित किया गया।

समापन कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी एवं डॉ० हेमंत कुमार सेठ, प्रभागीय वनाधिकारी, वन प्रभाग कन्नौज द्वारा प्रतिभागी युवाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा युवाओं की सक्रिय सहभागिता, अनुशासन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नर्सरी प्रबंधन, वृक्षारोपण, वन्यजीव संरक्षण, आर्द्रभूमि संरक्षण, पक्षी अवलोकन, जल एवं मृदा संरक्षण तथा स्वच्छता जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा तथा इससे उन्हें प्रकृति एवं पर्यावरण को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
प्रभागीय वनाधिकारी डॉ० हेमंत कुमार सेठ द्वारा युवाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं प्रकृति संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। वहीं जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी द्वारा युवाओं को सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में निरंतर सहभागिता बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विकास कुमार, अनुज शाक्य, कमलेश यादव, लोकेश कुमार, रुद्र प्रताप, नमन कुमार, सलोनी, रिया कटियार, लक्ष्मी देवी, शालिनी मिश्रा, अंजली श्रीवास्तव, कंचन एवं अंश शुक्ला सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम युवाओं को व्यवहारिक शिक्षा, पर्यावरणीय जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।









