
कन्नौज ब्लॉक संवाददाता सूरज कुमार की विशेष रिपोर्ट
कन्नौज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में प्रथम पीएनजी कनेक्शन का किया उद्घाटन
कन्नौज में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (नेचुरल गैस) अनुज मेहरोत्रा, हेड–सीजीडी अनिमेष कुमार सिन्हा, हेड–सीजीडी (यूपी/यूके क्लस्टर) पी. आनंद विक्टर के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।*
बैठक में जनपद में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विस्तार, आमजन तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कन्नौज नगर के घरेलू, आवासीय एवं औद्योगिक क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क विस्तार हेतु विस्तृत रणनीति तैयार की गई। विशेष रूप से कन्नौज के प्रसिद्ध इत्र उद्योग को स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ईंधन उपलब्ध कराने तथा आम नागरिकों के घरों तक चौबीसों घंटे निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी, ऊर्जा की उपलब्धता सुगम होगी तथा नागरिकों को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक विकल्प प्राप्त होगा।
बैठक के उपरांत जिले में हरित ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, कन्नौज में प्रथम पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी कन्नौज एवं एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (नेचुरल गैस) अनुज मेहरोत्रा द्वारा संयुक्त रूप से प्रथम आधिकारिक पीएनजी कनेक्शन का उद्घाटन किया गया।
जिला प्रशासन एवं एचपीसीएल की यह संयुक्त पहल न केवल सरकारी परिसरों में आधुनिक एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय नागरिकों एवं औद्योगिक इकाइयों को भी पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। यह पहल जनपद कन्नौज को हरित, प्रदूषणमुक्त एवं आधुनिक ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।
इस अवसर पर एचपीसीएल के जीए हेड–मैनपुरी-कन्नौज राम रतन सिंह तथा असिस्टेंट मैनेजर (प्रोजेक्ट्स) मोहम्मद अनस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









