
कन्नौज राज्य सरकार द्वारा जनसुविधाओं को अधिक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब नागरिकों को प्रमाणित खतौनी की नकल प्राप्त करने के लिए केवल तहसील कार्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नई व्यवस्था के अंतर्गत प्रमाणित खतौनी की नकल कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी)/जनसेवा केंद्रों के माध्यम से भी प्राप्त की जा सकेगी। पूर्व में यह सुविधा केवल तहसील स्तर पर उपलब्ध थी, जिसके कारण आम नागरिकों को समय एवं संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता पड़ती थी। अब नागरिक अपने निकटतम जनसेवा केंद्र पर जाकर अथवा स्वयं ऑनलाइन माध्यम से प्रमाणित खतौनी की नकल प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन सुविधा हेतु नागरिक upbhulekh.gob.in तथा edistrict.up.gov.in का उपयोग कर सकते हैं।
ई0डी0एम की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनसेवा केंद्र के माध्यम से प्रमाणित खतौनी की नकल प्राप्त करने पर 30 रुपये का शुल्क देय होगा, जबकि स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर दस्तावेज प्राप्त करने पर मात्र 15 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
इस नई व्यवस्था से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को राजस्व अभिलेख प्राप्त करने में अधिक सुविधा मिलेगी, साथ ही तहसीलों में अनावश्यक भीड़ कम होगी और सेवाओं की उपलब्धता में तेजी आएगी। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा भूमि अभिलेखों से संबंधित सेवाओं को ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करें।









