
लखनऊ थाना काकोरी की घुरघुरी तालाब चौकी क्षेत्र में नगर निगम के डंपरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मोहान रोड स्थित महात्व ढाबा के पास चोरी करते हुए गिरोह के सदस्य कमरे में कैद किए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि काफी लंबे समय से नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट में तैनात गाड़ियों से रोजाना सैकड़ों लीटर ईंधन की चोरी की जा रही थी। सरकारी संसाधनों की सरेआम लूट चंद रुपयों की खातिर दिन-रात चल रही थी। आरोप है कि यह पूरा खेल रसूखदारों की शह पर फल-फूल रहा था।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, काकोरी थाने में लगभग 5 साल से अधिक समय से तैनात एक सिपाही लंबे समय से चौकी की जिम्मेदारी संभाल रहा है। उसी सिपाही के संरक्षण में चौकी क्षेत्र में सभी अवैध काम होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों ने सिपाही की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल स्थानीय पुलिस और नगर निगम के आला अधिकारियों की कार्यशैली पर खड़ा होता है। पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र के बावजूद मोहान रोड पर यह खेल कैसे चल रहा था? अब देखना है कि इन भ्रष्टाचारियों पर कब सख्त कार्रवाई होती है और सरकार को चपत लगाने का यह सिलसिला कब थमता है









