
हरदोई। जनपद के पिहानी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 1 जनवरी 2026 की है, जब एक महिला ने थाना पिहानी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी आठ वर्षीय पुत्री गांव की एक अन्य बच्ची के साथ ग्राम अकोहरा के पास खेत में बथुआ तोड़ने गई थी। इसी दौरान गांव के ही युवक मुनेन्द्र पुत्र रामस्वरूप ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिहानी में मुकदमा संख्या 04/26 धारा 65(2) बीएनएस एवं 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार 2 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त जंगल के रास्ते हसैयामऊ मोड़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा किए जाने पर आरोपी भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि घायल अभियुक्त की पहचान मुनेन्द्र पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम अकोहरा, थाना पिहानी के रूप में हुई है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी पिहानी भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।









