रिपोर्ट फर्रुखाबाद तहसील संवाददाता विजय चौहान
फर्रुखाबाद कमालगंज विकासखंड क्षेत्र की न्याय पंचायत गदनपुर तुर्रा अंतर्गत ग्राम पंचायत दरौरा में पारंपरिक मेले का आयोजन इस वर्ष भी बड़ी धूमधाम के साथ किया गया। मेले में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने पूरे उत्साह के साथ मेले का आनंद लिया।

मेले का शुभारंभ विधिवत हवन-पूजन के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक आस्था के साथ-साथ मेले में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मेले में बढ़-चढ़कर भाग लिया। झूलों पर बच्चों की किलकारियां और दुकानों पर महिलाओं-पुरुषों की भीड़ से पूरा मेला परिसर गुलजार रहा।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले ने क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था भी संतोषजनक रही, जिससे श्रद्धालुओं ने बिना किसी परेशानी के मेले का आनंद लिया।









