रिपोर्ट फर्रुखाबाद तहसील संवाददाता विजय चौहान
फर्रुखाबाद जिले में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को ‘लक्ष्य शिक्षा जागरूकता अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमिश्नर अमरपाल सिंह लोधी का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत कर सम्मानित किया।

कमिश्नर श्री लोधी ने नवभारत सभा भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और देश की सबसे बड़ी ताकत है। जब तक गांव-गांव, घर-घर तक शिक्षा की अलख नहीं पहुंचेगी, तब तक ‘विकसित भारत’ का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को हथियार बनाकर आगे बढ़ने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और नशा मुक्ति जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने और ड्रॉपआउट रोकने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि ‘लक्ष्य शिक्षा जागरूकता अभियान’ के तहत जिले के सभी ब्लॉकों में चौपाल व स्कूल संपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

मंच पर क्रिकेट अंकित राजपूत, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, कन्नौज जिला अध्यक्ष रोहित कुमार, कन्नौज जिला उपाध्यक्ष रोहित नंदन राजपूत तथा पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत मौजूद रहीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।









