
रिपोर्ट अमृतपुर तहसील क्राइम सवाददाता विनोद कुमार
फर्रुखाबाद जनपद के थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव विरियानगला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, हरदोई जनपद के थाना पाली क्षेत्र के गांव मुडरामऊ निवासी रामाधार वर्मा ने लगभग 18 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री सहेली की शादी विरियानगला निवासी जितेन्द्र पुत्र रघुवीर के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जितेन्द्र शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था और सहेली के साथ मारपीट करता रहता था।
मृतका के पिता और ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे उत्पीड़न के चलते सहेली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसे लेकर परिजन ससुराल पक्ष पर शक जता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, थाना जहानगंज पुलिस, राजपूताना चौकी इंचार्ज उदय सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की गहन जांच की जा रही है।









