पुलिस ने चाचूपुर तिराहे पर रोका काफिला, दो गाड़ियों को दी गांव में प्रवेश की अनुमति; भारी पुलिस बल तैनात
फर्रूखाबाद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर पहुंचा। चर्चित बृजेश राजपूत हत्याकांड और उसके बाद हुई हिंसा को लेकर सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिजनों का दुख-दर्द सुना।
चाचूपुर तिराहे पर पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं के काफिले को रोक दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद केवल दो वाहनों को ही गांव में प्रवेश की अनुमति दी गई। इस दौरान गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज रही।
पीड़ित परिवार ने प्रतिनिधिमंडल के सामने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। परिजनों ने कहा कि घटना के बाद से परिवार दहशत में है और उन्हें न्याय चाहिए।

सपा नेताओं ने परिवार को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी की।
बृजेश राजपूत हत्याकांड के बाद से चाचूपुर गांव और अमृतपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस-प्रशासन पूरी घटना पर नजर बनाए हुए है।









