
कन्नौज बाल विकास सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में जनपद कन्नौज में आज एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत विभिन्न विकास खंडों में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए।

इसी क्रम में खंड विकास कार्यालय, उमर्दा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा द्वारा बाल विकास परियोजना उमर्दा के अंतर्गत कार्यरत 140 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। वहीं, आज ही तालग्राम परियोजना में भी ब्लॉक प्रमुख सुमन सिंह द्वारा 140 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन प्रदान किए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा ने कहा कि स्मार्टफोन उपलब्ध होने से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, टीकाकरण संबंधी सूचनाओं के संकलन एवं योजनाओं की ऑनलाइन रिपोर्टिंग को अधिक सटीक एवं समयबद्ध तरीके से कर सकेंगी। इससे न केवल कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ पहुंच सकेगा।
उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि सभी कार्यकत्रियां उपलब्ध कराए गए तकनीकी संसाधनों का पूर्ण सदुपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक निष्ठा, दक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ करें, जिससे बाल एवं मातृ कल्याण कार्यक्रमों को और अधिक गति प्राप्त हो सके।
कार्यक्रमों में संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारीगण, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









