
कन्नौज अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) /प्रभारी अधिकारी खनिज देवेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशानुसार जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज खनन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सुर्सी मार्ग पर मौरम से भरे 02 वाहन, मिट्टी का 01 वाहन तथा जिप्सम (Gypsum) का 01 वाहन पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त सौरिख क्षेत्र में गिट्टी से भरे 01 वाहन एवं सकरावा क्षेत्र में मौरम के 01 वाहन पर कार्रवाई की गई। कुल 06 वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन एवं ऑफलाइन चालान करते हुए लगभग 2.84 लाख रुपये का जुर्माना जमा कराया गया।

जिला खनन अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनन के 02 वाहनों तथा अवैध परिवहन के 68 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिससे लगभग 37.74 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।









