
कन्नौज छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र के थाना गुरसहायगंज अंतर्गत स्थित पावर हाउस में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत लाइन पर काम कर रहे लाइनमैन शर्मू की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पावर हाउस पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक गुरसहायगंज पावर हाउस में तैनात लाइनमैन शर्मू विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में विद्युत सप्लाई चालू हो गई। तेज करंट लगने से शर्मू बुरी तरह झुलसकर खंभे से नीचे गिर पड़े। साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मृतक लाइनमैन शर्मू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।सूचना मिलते ही थाना गुरसहायगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे की खबर सुनते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों व विद्युत कर्मियों का आरोप है कि लाइन पर काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। शटडाउन लिए बिना काम कराया जाता है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।









