
सीतापुर। पिसावां थाने को मंगलवार को नया थाना प्रभारी मिल गया। प्रभात कुमार गुप्ता ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उनके कार्यभार संभालते ही पुलिसिंग को लेकर सख्त तेवर देखने को मिले।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सभी के लिए समान है और अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव नियुक्त थाना प्रभारी इससे पहले मछरेहटा थाने में तैनात रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा थाना सहित विभिन्न थानों और चौकियों पर अपनी सेवाएं दी हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के लिए उनकी कार्यशैली चर्चा में रही है।

इसी दौरान हाल ही में कस्बे की एक सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना को लेकर आभूषण व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला। व्यापारियों ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग रखी।
थाना प्रभारी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की इस घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने व्यापारियों से बिना किसी भय के अपना कारोबार जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पीड़ित व्यापारी आनंद रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।









