
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सदर) डॉ. अनिल कुमार भास्कर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद
कन्नौज में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से व्यापक टीकाकरण अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत गठित टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुपालकों के सहयोग से पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि 28 जुलाई 2026 को जनपद की विभिन्न विकास खंडों के चयनित ग्रामों में कुल 4,718 पशुओं का टीकाकरण किया गया। अभियान के दौरान सदर, जलालाबाद, गुगरापुर, तालग्राम, हसेरन एवं उमर्दा विकास खंडों के अनेक ग्रामों में टीकाकरण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
डॉ. भास्कर ने बताया कि इस अभियान में 27 जुलाई 2026 तक 21,176 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका था। वहीं 28 जुलाई को 4,718 पशुओं का टीकाकरण होने के उपरांत अब तक कुल 25,894 पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि जनपद में अभियान के लिए 28 टीकाकरण टीमों का गठन किया गया है तथा 45 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत 2,64,000 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आगामी दिनों में नसरापुर पट्टी, कटरी अमीनाबाद, मतौली, मियागंज, राजूपुर, जसुआमई, रूपपुर, रनधीरपुर, फरीदपुर, जाफराबाद, सलेमपुर, चन्द्रपुरा, ईसमपुर, परिक्षितपुर, तरायप्रयाग, कलसान, रहमतपुर, खैरनगर, बहसुइया सहित अन्य चयनित ग्रामों में टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा।

उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा विभागीय टीमों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है।









