
लखनऊ के दारुलशफा स्थित नए विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर भाजपा के पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हजरतगंज थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को नए विधायक आवास के व्यवस्था अधिकारी ने नानकदीन के गिरने की सूचना चौकी प्रभारी को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल नानकदीन को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूर्व मंत्री ने खुदकुशी की या हादसा हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मौके से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर घटना के कारण पता किए जा रहे हैं।
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि 56 वर्षीय नानकदीन पिछले काफी समय से अवसाद (डिप्रेशन) से पीड़ित थे। उन्हें अक्सर नए विधायक निवास परिसर में घूमते हुए देखा जाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानकदीन भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री थे। उन्होंने हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा नाम का संगठन भी बनाया था, जिसके वह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।








