
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता आरेंद्र मिश्रा
हरदोई वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्वदशम छात्रवृत्ति कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति कक्षा 11-12 योजना के तहत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्गत समय सारिणी के क्रियान्वयन के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं के दिशा-निर्देशों के सम्यक अनुपालन पर चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रतिभागियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयावधि में समस्त कार्यवाहियां पूर्ण की जाएं। उन्होंने 05 अगस्त, 2026 तक मास्टर डाटाबेस को अपडेट करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। विभिन्न संस्थानों से आए प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान भी किया गया।उन्होंने समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को समय सारिणी के अंतर्गत निर्धारित कार्यवाहियों को समय से पूर्ण करने के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।









