
रिपोर्ट हरदोई जिला संवाददाता सत्यम द्विवेदी
हरदोई मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में आज स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, ऋण वितरण तथा लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से युवा अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र युवा को योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









