
कन्नौज जिला संवाददाता अविनाश सिंह की रिपोर्ट।
कन्नौज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कन्नौज के तत्वावधान में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग, कन्नौज के सहयोग से संचालित पाँच दिवसीय “अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम (ELP) – Fire Safety & Emergency Response” के द्वितीय दिवस पर प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा के व्यवहारिक एवं तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य आरक्षी रूप नारायण सिंह ने प्रतिभागियों को अग्निशमन विभाग में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों, उनके संचालन की विधि और आग के प्रकार के अनुसार उपयुक्त अग्निशामक यंत्रों के चयन एवं प्रयोग की जानकारी दी। साथ ही आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने, प्राथमिक स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने और लोगों को सुरक्षित स्थान पर निकालने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
प्रतिभागियों को अग्निशमन वाहन में उपलब्ध उपकरणों, पाइप, नोजल, फोम प्रणाली एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों से भी परिचित कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में समय पर सही निर्णय एवं प्रारंभिक प्रतिक्रिया अनेक लोगों के जीवन एवं संपत्ति की रक्षा कर सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी देने के साथ ही उन्हें समाज में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और आपदा की स्थिति में जिम्मेदार स्वयंसेवक के रूप में तैयार करना है।

प्रशिक्षण में अर्चना कश्यप, शालिनी, ज्योति ठाकुर, अंश शुक्ला, रुद्र प्रताप, लोकेश कुमार, आलोक, अर्पित कुमार, आकाश यादव, विवेक यादव, पीयूष यादव, शालिनी मिश्रा, कमलेश यादव, अनुज शाक्य, गोल्डी, शिवम सक्सेना एवं चांदनी दुबे सहित अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।









