
कन्नौज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी वृक्षारोपण महाअभियान की तैयारियों, जनसहभागिता तथा विभिन्न विभागों की कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में कम से कम 100 प्रमुख स्थलों का चयन कर प्रत्येक स्थल के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, जिससे वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एवं सतत अनुश्रवण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर जनसहभागिता का अभियान बने। इसके लिए आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से संबंधित गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की जानकारी विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान में वन विभाग नोडल विभाग रहेगा तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपनी-अपनी तहसीलों में ऐसे स्थलों का चयन करें, जहां एक साथ अधिकतम संख्या में पौधरोपण किया जा सके और उनका संरक्षण भी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत 15 अगस्त को “वंदे मातरम् वाटिका”, 28 अगस्त को “भाई-बहन वृक्षारोपण” तथा 5 सितम्बर 2026 को “एक पेड़ गुरु के नाम” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त जनपद में महर्षि चरक औषधि वन (चियासर घाट), समरस वन (छात्रावास), समृद्धि वन (मधेपुर, उमर्दा), कपि वन (पनगवां, हसेरन, उडैतापुर एवं सौरिख), ऊर्जा वन (छिबरामऊ) तथा पौराणिक वन (उधालक ऋषि आश्रम) सहित विभिन्न स्थलों पर विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोहिया पार्क में आम भंडारा का भी आयोजन प्रस्तावित है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उपजिलाधिकारी सदर, तिर्वा तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









